कुशीनगर। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सुधियानी गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर मंगलवार को आरोपियों के दरवाजे पर शव रख कर शुरू हुआ हंगामा व धरना-प्रदर्शन बुधवार की दोपहर तक चला। मान मनौव्वल की सभी कोशिशें बेकार होने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी व गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार किया। इसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुधियानी गांव निवासी हरिशंकर सिंह की जमीन बीते जून महीने में गांव के ही एक व्यक्ति ने बैनामा करा लिया था। मंगलवार को हरिशंकर की मौत हो गई। मौत के बाद पत्नी सावित्री और बेटों ने शव जमीन खरीदने वाले व्यक्ति के दरवाजे पर रख कर हंगामा शुरू कर दिया। इनका आरोप है कि तीन डिस्मिल जमीन के लिए बात हुई थी और धोखा देकर नौ डिस्मिल बैनामा करा लिया गया। ऊपर से तय रकम भी नहीं दी जा रही है। इस सदमे के चलते ही बुजुर्ग हरिशंकर की मौत हुई है। ये लोग आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। शव रखकर हंगामा किए जाने की जानकारी होने पर एसओ आरके यादव और तहसीलदार अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। परंतु देर शाम तक मामला शांत नहीं हुआ। बुधवार की सुबह से ही फिर प्रशासन घर वालों की मान मनौव्वल में जुटा। परंतु बात नहीं बनी तो अंतत: आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या व धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया। एसओ आरके यादव ने बताया कि केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।