कनाडा भेजने के नाम पर ठगे 23.50 लाख
क्रासर...
बंगलूरू के कमरे में बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप
सुनगढ़ी पुलिस ने दर्ज की तीन कबूतरबाजों के खिलाफ रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। कनाडा भेजने और बेहतर नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजों ने एक युवक से 23.50 लाख रुपये ठग लिए। यही नहीं युवक को बंगलूरू ले जाकर एक कमरे में बंधक बनाकर मारपीट की गई। बाद में वापसी की टिकट देकर छोड़ दिया गया। सुनगढ़ी पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
शाहजहांपुर के मौजमपुर गांव निवासी सिमरजीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी दीपनगर (तिकोनिया) लखीमपुर खीरी निवासी करन से पुरानी मुलाकात है। चार माह पहले करन ने उसको कनाडा में नौकरी दिलाने का विश्वास दिलाया। यह कहा कि वह पहले भी कई लोगों की नौकरी लगवा चुका है। इस पर उसने सुनगढ़ी क्षेत्र के नौगवां पकड़िया गांव निवासी तरनजोत सिंह और वसुंधरा कॉलोनी निवासी हरपाल सिंह से जून माह में मुलाकात कराई। तीनों लोगों ने हरपाल के घर बैठकर बातचीत की और कहा कि 23.50 लाख रुपये में वह उसको कनाडा भेज देंगे और अच्छी नौकरी भी लगवाएंगे। भरोसा दिलाने को कहा गया कि रुपया कनाडा पहुंचने के बाद लिया जाएगा। इस पर सिमरजीत के परिवार ने भी हां कर दी। 14 जुलाई को उसको दिल्ली बुलाया गया। यहां पर आरोपियों के कुछ साथी मिले, उन्होंने फ्लाइट से मुंबई भेजा। इसका टिकट तरनजोत सिंह ने कराया। यहां से दूसरी फ्लाइट से बंगलूरू ले गए। वहां उतरते ही आरोपियों के कुछ साथी उसको साथ में ले गए। कहा गया कि उसको अभी कनाडा की फ्लाइट में बैठा दिया जाएगा। आरोप है कि ठगों के साथियों ने उसको बंगलूरू में तीन मंजिल पर बने एक कमरे में बंधक बनाकर मारपीट की। दो दिन बाद जबरन परिजनों को फोन कर कहलवा दिया कि वह कनाडा पहुंच गया है। बेटे के कनाडा पहुंचने का पता लगते ही 18 जुलाई को आरोपी सिमरजीत के पिता से असम रोड पर बने एक ढाबे पर मिले और कुल 23.50 लाख रुपये ले लिए। पिता से रुपये मिलने के बाद आरोपियों ने उसको वापसी का टिकट कराकर तीन दिन पहले छोड़ दिया। उसके पास मौजूद रुपये भी छीन लिए। वह जैसे तैसे घर पहुंचा और परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद कार्रवाई कराई गई।
000
तहरीर के आधार पर आरोपी करन, तरनजोत सिंह और हरपाल के खिलाफ धोखाधड़ी, बंधक बनाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की गहनता से विवेचना कराकर कार्रवाई की जाएगी। इसके निर्देश थानाध्यक्ष सुनगढ़ी को दिए गए हैं। - धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सिटी