पूरनपुर। बेटे से मिलने आस्ट्रेलिया गए स्टांप विक्रेता जाहिद खां के घर के ताले तोड़कर चोर सारा कीमती सामान समेट ले गए। सूचना पर पुलिस ने निरीक्षण किया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची। आभूषणों के कई खाली डिब्बे मिलने से लाखों का जेवर चोरी होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। मोहल्ला रजागंज निवासी स्टांप विक्रेता जाहिद खां का बेटा आस्ट्रेलिया में रह रहा है। जाहिद खां अपनी पत्नी और अन्य बच्चों के साथ घर में ताला डालकर पुत्र से मिलने 15 अप्रैल को आस्ट्रेलिया गए हैं। उनके पीछे चोरों ने घर के ताले तोड़कर सारा कीमती सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार को घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर पड़ोस में रह रहे जाहिद खां के भाई आशिफ ने जब घर के अंदर जाकर देखा तो कमरों के भी ताले टूटे पड़े थे। सारा सामान बिखरा था। जेवरात के कई खाली डिब्बे कमरे में पड़े थे। उन्होंने तुरंत ही चोरी की सूचना फोन से अपने भाई जाहिद खां को दी। साथ ही कोतवाली पहुंचकर चोरी की तहरीर पुलिस को दी। तहरीर पर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फिंगर प्रिंट टीम भी पहुंची। उसने कई जगह से फिंगर प्रिंट लिए हैं। प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी ने बताया कि चोरी की तहरीर आशिफ की ओर से दी गई है, लेकिन कितना और क्या सामान चोरी हुआ है, यह जानकारी आशिफ नहीं दे पा रहे हैं। जाहिद खां के आस्ट्रेलिया से लौटने पर ही चोरी गए सामान की जानकारी हो सकेगी।