अमरिया (पीलीभीत)। जालसाजों ने सोने के सिक्के बेचने का बहाना करके लखीमपुर खीरी के सराफा व्यापारी से पांच लाख रुपये ठग लिए। ठगे जाने का अहसास होने पर सराफ ने रुपये मांगे तो आरोपियों ने धमकी देकर भगा दिया। अमरिया पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, जिनमें दो लोग नामजद हैं
पलिया (लखीमपुर खीरी) के मोहल्ला रंग रिजान निवासी सराफ सर्वेश कुमार की वहीं सराफा बाजार में सोने चांदी की दुकान है। एक माह पूर्व उनकी दुकान पर साबिर नाम का एक युवक सोने के बताकर चार सिक्के बेच गया था। सिक्कों के एवज में उनसे 1.20 लाख रुपये लिए थे। 23 फरवरी को सर्वेश के मित्र प्रेम पाटिल के मोबाइल पर साबिर ने फोन किया और सोने के 16 सिक्के बेचने की बात कही। सोने के सिक्के खरीदने के लालच में दोनों दोस्तों ने मिलकर पांच लाख रुपये एकत्र किए। उनके फोन करने पर साबिर के एक अन्य साथी रियासत उर्फ मुुल्लाजी सर्वेश से सिक्कों के सिलसिले में बात की। उनके बुलाने पर दोनों दोस्त क्षेत्र के गांव बिस्ती में एक झाले पर पहुंचे। जहां आरोपियों ने पांच लाख रुपये ले लिए और सिक्के बाइक की डिग्गी से लाकर देने की बात कहकर एक व्यक्ति चला गया। काफी देर इंतजार करने बाद जब वह नहीं लौटा तो सर्वेश ने रियासत से रुपये लौटाने को कहा। इस पर उनसे गाली गलौज की गई और धमकी देकर भगा दिया। इसके बाद उन्होंने अमरिया थाने जाकर तहरीर दी। इंस्पेक्टर मनीराम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर साबिर, रियासत और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज की गई है।