-कोर्ट के आदेश पर माधोटांडा पुलिस ने की कार्रवाई
क्षेत्र के एक युवक पर अपनी बेटी से दुष्कर्म की कोशिश और विरोध करने पर मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोर्ट के आदेश पर थाना पुलिस ने कानूनी कार्रवाई कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पति नशे का आदी है। 17 सितंबर की रात वह शौच के लिए खेत पर गई थी। घर पर उसकी 17 वर्षीय पुत्री और दो बच्चे मौजूद थे। आरोप है कि नशे में धुत पति ने अपनी ही बेटी को कमरे में खींच दुष्कर्म करने की कोशिश की। इस बीच अचानक घर पहुंचने पर वह बेटी की चीख पुकार-सुनकर कमरे में गई तो हैवानियत की कोशिश कर रहे पति को रोका। इस पर आरोपी ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। महिला का कहना है कि इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद महिला ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इस पर दो महीने बाद कानूनी कार्रवाई हो सकी है। एसएचओ इंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी श्रीकृष्ण के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर दुष्कर्म की कोशिश करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।