पीलीभीत। जिला अस्पताल परिसर में सीएमओ कार्यालय के सामने एक बिल्डिंग के पीछे लगी पानी की मोटर खोलते वक्त एक चोर पर अस्पताल परिसर में राउंड लेते वक्त सीएमएस की नजर पड़ी। इसके बाद स्थानीय कर्मचारियों की मदद से चोर को रंगे हाथ मोटर खोलते हुए पकड़ लिया गया। दो मोटर चोर के पास से बरामद की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस चोर को हिरासत में लेकर कोतवाली में ले गई। जिला अस्पताल परिसर में पूर्व में सीएमओ कार्यालय से कंप्यूटर, बाहर लगे एसी का कंप्रेशर, बाइक चोरी की वारदात हो चुकी है। इसको लेकर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए है फिर भी चोर सक्रिय है। मामला सोमवार सुबह करीब 12 बजे का है। सीएमएस डॉ. रतनपाल सिंह सुमन जिला अस्पताल का राउंड ले रहे थे। प्रथम फ्लोर पर पहुंचते ही उनकी नजर सीएमओ कार्यालय के सामने बनी बिल्डिंग के पीछे पानी की मोटर खोल रहे चोर पर पड़ी। तुरंत ही इसकी जानकारी स्थानीय कर्मचारियों के साथ पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय कर्मचारियों ने चोर को पानी की मोटर खोलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। दो पानी की मोटर के साथ लोहे के एंगिल भी चोर के पास मिली बोरी से बरामद किए गए। यूपी-100 चोर को पकड़कर कोतवाली ले गई। पूछताछ में पकड़े चोर ने अपना नाम रईस अहमद निवासी देशनगर कॉलोनी बताया है। पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है। अस्पताल कर्मी अनिल की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।