खेकड़ा (बागपत)।
पुलिस ने नगर की पीएचसी पर चोरी के मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने एक चोर को हिरासत में लेकर मोबाइल, इन्वर्टर आदि सामान बरामद किया। पीएचसी कर्मियों ने सोमवार को कुछ सामान की पहचान भी की।
चोर सरकारी भवनों को निशाना बना रहे हैं। विगत एक माह के अंदर दर्जन भर से ज्यादा चोरी हो चुकी है। इनमें अधिकांश सरकारी भवनों का सामान चोरी हुआ है। चोरों ने विगत सप्ताह खेकड़ा में रेलवे स्टेशन के समीप स्थित पीएचसी के कमरे का ताला तोड़कर दो इन्वर्टर चुराए। वहां रखे सामान की तोड़ फोड़ भी की। इसके तीन दिन बाद ही पीएचसी के आवास परिसर में भी एक कर्मी के आवास में घुसकर चार मोबाइल चोरी किए। जाग होने पर चोर अन्य सामान नहीं चुरा पाए।
रविवार की रात्रि में पुलिस ने गश्त के दौरान एक संदिग्ध चोर को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसने चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उससे अभी तक एक इन्वर्टर और छह मोबाइल बरामद किए हैं। अन्य चोरियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। चोर पकडे़ जाने की सूचना पर पीएचसी समेत अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारी थाने पहुंचे और पुलिस से पकड़े गए चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर चोरी किया सामान अविलंब बरामद कराने की मांग की।