पीलीभीत। असम हाईवे पर मजदूर का काल बने ट्रक को पकड़ने में पुलिस को कामयाबी मिली। असम चौकी पर ट्रक को पुलिस ने मय चालक धर दबोचा। इसके बाद परिवार से मिली तहरीर पर कानूनी कार्रवाई की गई है।
गजरौला थाना क्षेत्र के नकटिया गांव निवासी 26 वर्षीय राजेश पुत्र हरप्रसाद की असम हाईवे पर बुधवार रात ट्रक से कुचलकर मौत हो गई थी। जबकि साथी सर्वेश गंभीर रुप से घायल हो गया था। दोनों बाइक पर सवार होकर फ्लोर मिल पर मजदूरी के लिए पीलीभीत आ रहे थे। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की लापरवाह कार्यशैली के विरोध में हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया, बाद में देर रात सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल के समझाने पर भीड़ शांत हो सकी थी। इस बीच पुलिस ने ग्रामीणों से जुटाई जानकारी के बाद चेकिंग कराई और हादसा कर भाग रहे ट्रक को मय चालक असम चौकी के पास से पकड़ लिया है। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि भागते वक्त चालक ने सड़ा पुल के पास एक ईंट से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में भी टक्कर मार दी थी, इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ट्रक को पकड़ने में कामयाब हो सकी है। मृतक के पिता की तहरीर पर ट्रक नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।