बीसलपुर। खुदागंज रोड पर गांव उगनपुर मरौरी के पास शनिवार को रात नौ बजे बदमाशों ने गांव रढ़ैता के एक ग्रामीण की बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने ग्रामीण की तमंचे की बट से पिटाई कर दी। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है, जिसमें दो को नामजद और एक को अज्ञात बताया गया है। नामजद बदमाशों में से एक स्थानीय और एक बरेली जिले का युवक शामिल हैं।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रढै़ता निवासी सत्तार मोहम्मद ने बताया कि वह शनिवार को रात लगभग 8.30 बजे बीसलपुर से काम निपटाने के बाद बाइक से अपने गांव को जा रहा था। रास्ते में गांव उगनपुर मरौरी के भट्टे के पास पहले से ही घात लगाए खड़े तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसकी बाइक और दो मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी तमंचे की बट से पिटाई भी कर दी। सत्तार मोहम्मद ने उसी समय गांव उगनपुर मरौरी जाकर एक ग्रामीण के फोन से कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सत्तार मोहम्मद से घटना की पूरी जानकारी ली और काफी दूर तक बदमाशों की तलाश की लेकिन बदमाश हत्थे नहीं लगे। सत्तार मोहम्मद ने कोतवाली में मामले की तहरीर दे दी। कोतवाल मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि सत्तार मोहम्मद की तहरीर पर लूट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में कोतवाली क्षेत्र के गांव अहिरवाड़ा निवासी राजू, जिला बरेली के थाना भुता क्षेत्र के गांव शेखापुर निवासी विपिन कुमार को नामजद किया गया है और तीसरे बदमाश को अज्ञात बताया गया है।
---
दो वारंटी गिरफ्तार
दियोरिया। कोतवाली पुलिस ने कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर गांव खरदहाई निवासी मनोज कुमार और वीरपाल (सगे भाई) को रविवार को सुबह आठ बजे उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली के एसएसआई पान सिंह ने बताया कि गिरफ्तार वारंटियों का चालान कर दिया गया है।
---