खेकड़ा (बागपत)। बड़ागांव मार्ग स्थित मीतली रजबहे के समीप विद्युत तारों में स्पार्किंग से आग लगने पर किसान की चार बीघा गन्ने की फसल जल गई।
मोहल्ला रामपुर निवासी किसान अशोक धामा पुत्र जयपाल सिंह ने बड़ागांव मार्ग पर मीतली रजबहे के समीप स्थित खेत में गन्ने की फसल बो रखी है। खेत के ऊपर से गुजर रही जर्जर विद्युत लाइन में आए दिन चिंगारी के साथ ही तार टूटकर गिरते रहते हैं। रविवार दोपहर 12 बजे विद्युत तारों में स्पार्किंग से अशोक की गन्ने की फसल मेें आग लग गई। आसपास के किसान एवं राहगीर दौड़ पड़े। उन्होंने घंटों अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक किसान की करीब 80 हजार रुपये कीमत की चार बीघा फसल जल चुकी थी। पीड़ित किसान ने अधिकारियों से जर्जर लाइनों को बदलवाने एवं जली गन्ने की फसल का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। इस दौरान मांगेराम, ओमप्रकाश, ब्रहमसिंह, काले, टीकाराम समेत अनेक किसान मौजूद रहे।