बैंक मैनेजर ने छात्रा के खिलाफ दर्ज कराई अभिलेख फाड़ने की रिपोर्ट
बीसलपुर। सीओ के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने ढाई माह बाद छात्रा की तहरीर पर बैंक मैनेजर के विरुद्ध छेड़खानी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसके अलावा पुलिस ने बैंक मैनेजर की तहरीर पर छात्रा के विरुद्ध सरकारी अभिलेख फाड़ने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना बिलसंडा क्षेत्र के एक गांव की छात्रा ने माह सितंबर के प्रथम सप्ताह में बैंक ऑफ इंडिया की स्थानीय शाखा में एजूकेशन लोन लेने को आवेदन किया था। बैंकवालों ने आपत्ति लगाकर आवेदन निरस्त कर दिया था। इस मुद्दे को लेकर 20 सितंबर को छात्रा और बैंक मैनेजर में काफी कहासुनी, नोकझोंक भी हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने कोतवाली में एक-दूसरे के विरुद्ध नामजद तहरीर दे दी थी। कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को आपस में समझौता करने का काफी मौका दिया, लेकिन समझौता नहीं हो पाया। कोतवाली पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने पर दोनों पक्षों ने सीओ प्रवीन मलिक को शिकायती पत्र दिया। कोतवाल मनोज त्यागी ने बताया कि सीओ के निर्देश पर गुरुवार को दोनों पक्षों द्वारा दी गई तहरीरों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छात्रा द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बैंक मैनेजर हृदेश यादव पर अपने साथ छेड़खानी करने का आरोप लगाया गया है। बैंक मैनेजर द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट में छात्रा पर सरकारी अभिलेख फाड़ने का आरोप लगाया गया है।