पीलीभीत। चोरी करने के इरादे से मकान में घुसे एक नाबालिग को मकान मालिक ने आहट होने पर धर दबोचा। जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा। पकड़े गए नाबालिग को पीड़ित ने कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर कार्रवाई की मांग की है। देर शाम घटित वारदात से निरंजनकुंज कॉलोनी में हड़कंप मचा रहा।
कोतवाली क्षेत्र के निरंजनकुंज कॉलोनी के रहने वाले बुद्धसेन सागर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार देर शाम वह अपने मकान में परिवारीजनों संग थे। इस बीच उनको मकान में कुछ आहट सुनाई दी। बाहर आकर चेक करने पर वहां दो युवक खड़े दिखे। आवाज लगाते ही दोनों ने भागना शुरू कर दिया। पीड़ित ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जमा किया। इसके बाद एक नाबालिग को धर दबोचा। हालांकि उसका साथी भाग निकला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली आ गई। जहां पूछताछ में पकड़े गए नाबालिग ने बताया कि उसके साथ कमल्ले चौराहा का रहने वाला एक युवक गया था। वहीं उसको अपने साथ लेकर गया था। अब पुलिस पूछताछ कर दूसरे साथी की तलाश में जुटी है। कोतवाल देशपाल सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक नाबालिग है। उससे पूछताछ में दूसरे युवक का नाम सामने आया है, धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे है। इसके अलावा सोमवार सुबह एक महिला कलेक्ट्रेट में ढाई हजार रुपये चोरी करते वक्त रंगेहाथ पकड़ी गई। भीड़ ने आरोपी महिला को पकड़कर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उसकी गोद में एक छोटा बच्चा भी था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में सुलह होने पर पुलिस ने महिला को चेतावनी देकर छोड़ दिया।