सॉफ्टवेयर इंजीनियर को बंधक बनाकर दिनदहाड़े लूट
तमंचे के बल पर दो बदमाशों ने बनाया बंधक, बाइक मोबाइल व नगदी लूटी
पूरनपुर धनारा मार्ग पर सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
हजारा।
पूरनपुर धनारा मार्ग पर घात लगाए बदमाशों ने साफ्टवेयर इंजीनियर को तमंचे के बल पर रोका और बंधकर बनाकर उसकी बाइक, जेब में रखा मोबाइल व ढाई हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े लूट की सूचना पर हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। सॉफ्टवेयर इंजीनियर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ लूट की तहरीर दी है।
हजारा थाना क्षेत्र के गांव भरतपुर निवासी आनंद कुमार सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11:30 बजे आनंद बाइक से नौकरी पर जाने के लिए शहर आ रहे थे। रास्ते में पूरनपुर धनारा मार्ग के पॉन्टून पुल के पास घात लगाए दो बदमाशों ने तमंचे व बांका के बल पर बाइक रोक ली। आनंद कुछ समझ पाते इससे पहले बदमाशों ने उसे बंधक बनाया और रोड किनारे जंगल की तरफ ले गए। तमंचे के बल पर बदमाशों ने आनंद की बाइक उनकी जेब में रखे ढाई हजार रुपये, मोबाइल लूटा और फरार हो गए। सूचना पर यूपी 100 के साथ हजारा थाना प्रभारी नरेश कुमार कश्यप, दरोगा अजय चौहान के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की धरपकड़ के लिए कांबिंग की। लेकिन कोई कामयाबी हासिल नहीं हुई। साफ्टवेयर इंजीनियर के मुताबिक दो बदमाश थे, एक के हाथ में बांका और दूसरे पर तमंचा था। एसओ नरेश कश्यप का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।