घर में घुसकर महिला को पीटा, रिपोर्ट दर्ज
बाइक की स्पीड को लेकर रोकटोक करने पर हुई वारदात
कोतवाली पुलिस ने तहरीर मिलने पर दर्ज की नामजद रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। बेतरतीब तरीके से बाइक दौड़ा रहे युवक से रोकटोक करना मोहल्ला फीलखाना की एक महिला को महंगा पड़ गया। बाइक सवार ने महिला के विरोध करने पर उससे पहले गाली गलौज की, इसके बाद रविवार रात नौ बजे घर में घुसकर पिटाई कर दी। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला फीलखाना निवासी आयशा बेगम पत्नी नसीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे वह बाजार से घर जा रही थी। इस बीच मोहल्ले का राशिद नशे में बेतरतीब तरीके से बाइक दौड़ा रहा था। सकरी गली में धीमी गति से बाइक चलाने की बात कहने पर आरोपी ने गाली गलौज करना शुरू कर दिया। इस पर महिला अपने घर चली गई। करीब एक घंटे बाद आरोपी इसी बात को लेकर घर में घुस आया और महिला से झगड़ा फसाद करने लगा। इसका विरोध करने पर आरोपी ने महिला की पिटाई कर दी। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद आरोपी अंजाम भुगतने की धमकी देकर चला गया। कोतवाल एसके सिंह ने महिला कि महिला का मेडिकल कराकर आरोपी राशिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।