पीलीभीत। जिले में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार को एक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। जबकि, उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक होने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक किसान चला रहा था या उसका बेटा और वे हेलमेट लगाए थे या नहीं, इसे लेकर घरवाले कुछ नहीं बता सके हैं। कोतवाली क्षेत्र के नाकूड़ गांव निवासी 49 वर्षीय छेदालाल पुत्र भवानी प्रसाद खेती करते थे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी बहन सुशीला देवी के घर दावत में माधोटांडा गए थे। साथ में उनका 18 वर्षीय पुत्र भूपराम भी था। देर शाम दोनों बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकले। माधोटांडा रोड पर सिद्धबाबा स्थल के पास पहुंचते ही बाइक को सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इसमें दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया। राहगीरों से सूचना मिलने पर माधोटांडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां इलाज के दौरान छेदालाल की मौत हो गई। उधर, हालत नाजुक होने पर भूपराम को गांधी स्टेडियम रोड पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। किसान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन बेटे भूपराम, राजू और राकेश हैं।