पीलीभीत। गौहनिया गांव में नवरात्र को लेकर निकाली जा रही झंडी यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों ओर से जमा लोगों ने एक दूसरे से मारपीट शुरू कर दी। विवाद की सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मामला निपट चुका था। मामले में कोई शिकायत न मिलने पर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गौहनिया गांव से भक्त सोमवार रात माता की झंडी लेकर मां यशवंतरी देवी मंदिर जा रहे थे। इस बीच झंडी में शामिल कुछ लोगों की गांव के दूसरे पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई। दोनों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। शोर पर गांव के काफी लोग जमा हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर बेवजह झगड़ा करने का आरोप लगाया। इधर, किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। इस पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक कुछ संभ्रांत लोग दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत करा चुके थे। ब्यूरो