पीलीभीत/माधोटांडा। टाइगर रिजर्व के जंगल में मिले कंकाल का पोस्टमार्टम होने के बाद भी उसकी शिनाख्त को लेकर किए गए दावों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। कंकाल दो साल से अधिक पुराना होने का कयास लगाया गया है, लेकिन उसकी उम्र को लेकर असमंजस बरकरार है। ऐसे में अब पुलिस शिनाख्त की पुष्टि के लिए लापता जसपाल की मां गंगादेई का सेंपल लेकर डीएनए टेस्ट कराएगी।
घटना 17 जनवरी की है। टाइगर रिजर्व की महोफ माला रेंज के बीच एक नर कंकाल पड़ा मिला था। जंगल में डाब घास काट रहे मजदूरों से मिली सूचना पर पहुंची मैनाकोट गांव निवासी गंगादेई ने कंकाल देख, इसकी शिनाख्त 21 अगस्त 2017 से लापता चल रहे अपने बेटे जसपाल के रुप में की थी। माधोटांडा पुलिस ने कंकाल कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई प्रगति नहीं की जा सकी है। इंस्पेक्टर माधोटांडा दुर्गा सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने में कंकाल दो साल से भी अधिक पुराना बताया गया है, जबकि जसपाल को गायब हुए इतना समय नहीं हुआ है। फिर भी जब उसके परिजन शिनाख्त का दावा कर रहे हैं, इसलिए मां गंगादेई का सेंपल लेकर डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट मिलने पर स्थिति साफ हो जाएगी।