खेकड़ा (बागपत)। खेकड़ा नगर निवासी विद्युत निगम के संविदा लाइनमैनों ने खेकड़ा थाने में विद्युत निगम के जेई पर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
रविवार को दोपहर करीब बारह बजे खेकड़ा बिजलीघर में तैनात संविदा लाइनमैन एकत्र होकर खेकड़ा थाने में पहुंचे। वहां उन्होंने दी तहरीर में कहा खेकड़ा नगर में विद्युत निगम में संविदा लाइनमैन के पद पर तैनात हैं। विभागीय जेई जाति सूचक शब्द बोलकर ही उनसे कार्य करवाते हैं और उनसे अवैध वसूली करवाने का दबाव बनाते हैं। जब वह ऐसा करने से मना करते हैं तो उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देते हैं। पीडित विद्युत कर्मियों ने थाना प्रभारी एसपी सिंह से आरोपी जेई के खिलाफ एससी/ एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। थाना प्रभारी ने उन्हें शिकायत की जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान नीरज, सचिन, अमित, विकास आदि लाइनमैन मौजूद रहे। दूसरी तरफ आरोपी जेई मोहम्मद आरिफ ने लाइनमैनों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा स्टाफ के साथ बातचीत के दौरान कभी भी जाति सूचक शब्दों का प्रयोग नहीं किया। उन्होंने कहा स्टाफ के कुछ लोग काम बताने पर नाराज हो जाते हैं। नौकरी करनी है तो काम तो करना पड़ेगा।