पीलीभीत। दो सौ रुपये की मासिक किश्त के हिसाब से एक युवक से पांच साल तक प्राइवेट कंपनी में रुपये जमा कराए गए। समयावधि पूरी होने के बाद पहले टालमटोल की गई। इसके बाद धमकी देकर भगा दिया। कोर्ट के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने कंपनी प्रबंधक समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर गौटिया देशनगर निवासी केवल सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सुनगढ़ी क्षेत्र के झंकार मार्केट में प्रेस्टीज इंफ्रा डेवलपमेंट इंडिया लिमिटेड कंपनी का कार्यालय खोला गया था। वहां के प्रबंधक उझैनिया रंपुरा जहानाबाद निवासी उमाशंकर गौड़ और उनके साथी अवधेश गौड़ वहां काम संभालते थे। आरोपियों ने रकम दोगुनी करने का झांसा देकर पीड़ित से नौ अगस्त 2012 को आरडी खुलवा ली। इसके बाद पीड़ित ने हर माह दो सौ रुपये कंपनी में जमा किए। समय पूरा होने के बाद साल 2018 में उन्होंने रुपये मांगे तो पहले पांच सौ रुपये रसीद कटाने के नाम पर लिए गए और टाल दिया। बाद में रुपये लौटाने से इंकार कर धमकी दे दी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोर्ट के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लि या गया है। इस मामले में कागजात चेक कर निष्पक्ष जांच करते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश सुनगढ़ी पुलिस को दिए गए हैं।
- धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सिटी