पीलीभीत। ऋण वसूली करने गए इलाहाबाद बैंक के शाखा प्रबंधक और रिकवरी एजेंट से ग्रामीण ने गाली-गलौज की। इसके बाद पत्थर मारकर घायल कर दिया। किसी तरह दोनों ने भागकर खुद को बचाया। घटना की तहरीर मिलने पर जहानाबाद पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। संभल जिले के ग्राम बरैनी निवासी नवराम सिंह ने जहानाबाद पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह इलाहाबाद बैंक की बरातबोझ शाखा में प्रबंधक हैं। 10 अप्रैल 2012 को सरदार नगर गांव निवासी मदनदलाल उर्फ भजनलाल ने भैंस पालन के लिए बैंक से 30 हजार रुपये का ऋण लिया था। इसको अब तक चुकता नहीं किया गया। इसकी रिकवरी करने के लिए वह रिकवरी एजेंट अमित कुमार के साथ 19 जून की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गए थे। आरोप है कि घर पर पहुंचते ही आरोपी ने उनसे गाली गलौज शुरू कर दी। आरोपी से रिकवरी और कुल समझौते के लिए कहा गया तो उसने ईंट-पत्थर चला दिए। इसमें दोनों को चोटें आई। दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने बमुश्किल खुद को बचाया। इंस्पेक्टर कमल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, धमकाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।