पीलीभीत। चिड़ियादाह गांव में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद हिंदू संगठनों का हंगामा आधी रात तक पुलिस अधिकारियों की धड़कनें बढ़ाया रहा। विरोध के बाद पुलिस भी एक्शन में आ गई और रात में ही दबिशें शुरू कर दी गई। एक-एक कर पांच गोमांस तस्करों को पुलिस ने धर दबोचा। उनके पास से गोवंश की हत्या में इस्तेमाल छुरा और रस्सी भी बरामद कर ली गई। गोवध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर पांचों को जेल भेज दिया है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के चिड़ियादाह गांव में एक खेत में सात गोवंश के अवशेष मिलने के बाद बृहस्पतिवार रात को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया था। ग्रामीणों संग एकत्र कार्यकर्ताओं ने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध जताया था। पुलिस की मिलीभगत से गोकशी होने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी। आधी रात के बाद मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी का सिलसिला शुरू होने पर बमुश्किल कार्यकर्ताओं को शांत कराया जा सका था। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल की अगुवाई में सुनगढ़ी इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश सिंह और कोतवाल एसके उपाध्याय ने रात भर गोमांस तस्करों को पकड़ने के लिए दबिशें दी। जिसके बाद घटना को अंजाम देने वाले पांच गोमांस तस्कर चिड़ियादाह गांव निवासी मोहम्मद आसिफ, रियाज, शमशुल, जावेद और मोहल्ला अशरफ खां निवासी मोहम्मद अनवर उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से पुलिस ने रस्सी और छुरा भी बरामद किया है। शुक्रवार को चिड़ियादाह में हुई गोकशी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांचों को जेल भेज दिया है। कई अन्य तस्करों के नाम भी उजागर हुए हैं। उनकी सूची बनाकर पुलिस गिरफ्तारी की तैयारी में जुटी है।
हवालात से तस्कर ने दी कार्यकर्ताओं को मारने की धमकी
बोला- छूटने के बाद काट दूंगा तुम सब को...
पीलीभीत। गोकशी की घटना के बाद पुलिस ने चिड़ियादाह गांव में दबिश देकर सुनगढ़ी पुलिस ने गोमांस तस्करों की गिरफ्तारी की थी। हिंयुवा, भाजयुमो, हिंदू महासभा, शिवसेना समेत कई संगठनों के कार्यकर्ता थाना सुनगढ़ी परिसर में मौजूद थे। तस्करों के बुलंद हौसले का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद भी उनको कोई डर नहीं था। हवालात में बंद तस्कर मोहम्मद आसिफ ने थाना परिसर में मौजूद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को धमकाना शुरू कर दिया। कहा कि हवालात से निकलते ही उनको काट देगा। यह सुनकर कार्यकर्ता भड़क गए और दोबारा हंगामा कर दिया। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बमुश्किल उनको शांत कराया। हवालात में बंद तस्कर की भी फटकार लगाई। इसके बाद कार्यकर्ताओं की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आसिफ के खिलाफ धमकाने की अलग से रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
विधायक बोले- यूपी 100 का ध्यान सिर्फ वसूली पर
माधोटांडा रोड पर चिड़ियादाह गांव के पास घटना के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और भारी पुलिस बल मौजूद था। देर रात शहर विधायक संजय सिंह गंगवार भी वहां पहुंच गए। गोकशी को लेकर नाराजगी जताई और सीओ सिटी से बात की। कहा कि निचले स्तर पर पुलिस तस्करों से मिलकर गोकशी करा रही है। यूपी 100 के सिपाही सिर्फ वसूली पर ध्यान दे रहे हैं। ऐसा नहीं चलेगा, गोकशी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पर सख्त एक्शन लेने को कहा। इससे पूर्व एक बरात से लौट रहे बरखेड़ा विधायक किशनलाल राजपूत को भी कार्यकर्ताओं ने रोक गोकशी की जानकारी दी। उन्होंने भी सीओ से मुलाकात कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
तस्करों को छुड़ाने में लगे रहे सफेदपोश, पर चल न सकी
पुलिस गोमांस तस्करों को पकड़ने के बाद थाने लाकर पूछताछ भी शुरू नहीं कर सकी थी कि उनको संरक्षण देने का काम कर रहे सफेदपोशों ने पुलसि पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। थाना पुलिस से लेकर अफसरों तक फोन घनघनाना शुरू कर दिए। रात भर तस्करों को छुड़ाने का प्रयास करते रहे, फिर शुक्रवार को दिन में भी पुलिस पर दबाव बनाया जाता रहा। थाने तक भी कई सिफारिशी पहुंच गए, लेकिन उनकी एक न चल सकी।