बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर के एक युवक ने रविवार रात अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, युवक घरेलू कलह से परेशान था। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर निवासी विवेक कुमार ने बताया कि उनके पिता 40 वर्षीय डालचंद्र मौर्य ने घरेलू कलह से त्रस्त होकर रविवार रात किसी वक्त अपने कमरे में कुंडे से रस्सी बांधकर आत्महत्या कर ली। उस समय घर के बाकी लोग आंगन में सो रहे थे। रात लगभग दो बजे विवेक लघुशंका के लिए उठा, तो पिता को बिस्तर पर न देखकर उन्हें कमरे में जाकर देखा। वहां उनका शव कुंडे से लटका था। उसने घरवालों को जगाकर घटना की जानकारी दी तो कोहराम मच गया। विवेक की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी इंस्पेक्टर जोखन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में डालचंद्र के घरेलू कलह से त्रस्त होकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है।