पीलीभीत। घरेलू कलह में 23 वर्षीय देवऋषि ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। परिवार वाले उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सुनगढ़ी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के सिमरिया अनूप गांव निवासी देवऋषि पुत्र रामभरोसे खेती करते थे। उनकी शादी करीब दो साल पूर्व कल्यानपुर गांव निवासी पिंकी से हुई थी। उनके अभी कोई बच्चा नहीं है। शनिवार को दिन में परिवार में कुछ विवाद हो गया था। जिससे आहत होकर देवऋषि ने शाम को घर पर रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने पर परिवार में चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजन देवऋषि को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि खबर मिलने पर रविवार सुबह पुलिस भेज दी गई थी। पारिवारिक कलह में युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने किसी तरह की तहरीर पुलिस को नहीं दी है। इधर, युवक की मौत के बाद परिवार में चीख पुकार मच गई है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल रहा।