ग्रामीण की हत्या कर जमीन हड़पने का आरोप
बिजनौर। एक महिला ने अपने दो मायके वालों पर उसके भाई की हत्या कर उसकी जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव मुकरपुर खेमा उर्फ बुखारा निवासी आरती उर्फ बाला पत्नी पप्पू ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर निवासी किशोरी सिंह की पुत्री है। उसका परिवार रोशनाबाद में रहता है। उसकी एक बहन नथिया और भाई धर्मवीर सिंह का स्वर्गवास हो चुका है। वर्तमान में वह अपने पिता की इकलौती संतान है। बताया कि धर्मवीर का विवाह नहीं हुआ था वह गांव में अकेला ही रहता था। उसके हिस्से में तीन बीघा जोत की आराजी और 700 गज आवासीय भूमि है। आरोप है कि गांव के दो व्यक्तियों ने उसके भाई धर्मवीर की हत्या कर गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद धर्मवीर की जमीन हड़प ली। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे डरा धमकाकर जुबान बंद रखने की धमकी दी। महिला ने एसपी से मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।