पीलीभीत। न्यूरिया पुलिस ने सुरागरसी के बाद तीन ऑटो लिफ्टरों को धर दबोचा। उनके पास से चोरी की चार मोटर साइकिल बरामद की गई। पूछताछ में कई अन्य घटनाओं को भी आरोपियों ने कबूल किया। एएसपी रोहित मिश्र ने प्रेसवार्ता कर खुलासा करते हुए पुलिस टीम को पांच हजार नकद ईनाम की घोषणा की। जिसके बाद आरोपियों को चालान कर जेल भेज दिया है। पिछले कुछ दिनों में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार हो रही थी। इसके बाद से ही एसपी मनोज कुमार सोनकर ने समस्त थानाध्यक्षों को धरपकड़ कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में न्यूरिया इंस्पेक्टर शहरोज अनवर को सूचना मिली कि चोरी की बाइकों की बिक्री के लिए कुछ आटो लिफ्टर जमा हुए हैं। इस पर उन्होंने एसआई घनश्याम बहादुर, कांस्टेबल रविंद्र सिंह, कपिल कुमार, नरेंद्र कुमार, विपिन कुमार के साथ भरतपुर गांव में दबिश दी। यहां से पुलिस ने तीन ऑटो लिफ्टर गांव निवासी विजय मंडल, प्रेम कुमार और उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के खटीमा थाना क्षेत्र के ईसाई कॉलोनी पोलीगंज निवासी सोनू उर्फ रोहित मसीह को धर दबोचा। उनके पास से चोरी की चार मोटर साइकिल भी बरामद की गई। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस लाइन स्थित सभागार में एएसपी रोहित मिश्र, सीओ सदर योगेंद्र कुमार ने पुलिस के गुडवर्क का खुलासा किया। एएसपी ने बताया कि तीनों आरोपी शातिर वाहन चोर हैं। उनसे पूछताछ में कुछ अन्य नाम भी प्रकाश में आए हैं। इसको लेकर भी पड़ताल की जा रही है।