मझोला। चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर चोरों ने बंद मकान को निशाने पर लेकर हजारों का सामान समेट लिया। मझोला चौकी क्षेत्र के मिश्रा कॉलोनी निवासी कृष्णपाल सिंह मोबाइल टावर पर ऑपरेटर है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात घर का दरवाजा बंद कर परिवार समेत जहां काम करते है वहीं कमरे में रुक गए। इस बीच चोरों ने बंद मकान को निशाने पर ले लिया। मेनगेट पर लगा ताला खोलकर चोर भीतर घुस गए। इसके बाद कमरे में रखी 12 हजार की नकदी, एक तोला सोने के जेवरात, चांदी की पायल, कपड़े समेत हजारों का सामान चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह घर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। इंस्पेक्टर न्यूरिया शहरोज अनवर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस भेज दी गई थी। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।