पीलीभीत। सड़क हादसे में घायल युवती की इलाज के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टनकपुर (उत्तराखंड) कस्बे के मोहल्ला बिचई निवासी 17 वर्षीय ममता बुधवार शाम बुआ सोमवती और बहन संजू के साथ घर के नजदीक ही एक शादी समारोह में गई थी। दावत खाने के बाद सभी पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई बाइक ने ममता को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल ममता को पीलीभीत के गौहनिया चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।