बीसलपुर। मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी में मंगलवार देर शाम बाइक की टक्कर लगने के विवाद में मारपीट हो गई, इसमें दोनों पक्षों के 12 लोग घायल हो गए। प्रभारी इंस्पेक्टर इख्तियार हुसैन ने बताया कि मोहल्ला हबीबुल्लाखां जनूबी निवासी अरशद की बाइक से मंगलवार देर शाम मोहल्ले के ही शाकिब के पैर में चोट लग गई थी। इसी बात को लेकर दोनों लोगों में कहासुनी और गालीगलौज होने लगी। जानकारी होने पर दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर जमा हो गए और उनमें मारपीट होने लगी। मारपीट में एक पक्ष के अरशद, बंटी, इकबाल, शफी अहमद, अफजाल, दूसरे पक्ष के खलील, साजिद, साकिब, तालिब, छोटे, शाहिद और बबलू घायल हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। किसी भी पक्ष ने इस मामले में अभी तहरीर नहीं दी है। दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है।