पीलीभीत। शहर तीन बंद मकानों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में कोतवाली पुलिस को कामयाबी मिल ही गई। दस हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर रोहित किसान और उसके साथी की धरपकड़ के बाद पुलिस ने चोरी गया कुछ सामान भी बरामद कर लिया। आरोपियों के पास से अवैध असलहा भी मिले हैं। पूछताछ के बाद खुलासा कर पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।
पिछले छह माह में कोतवाली क्षेत्र में तावड़तोड़ चोरी की घटनाएं अंजाम दी गई थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने सर्विलांस और स्वाट टीम की मदद से सुरागरसी की। जिसके बाद घटनाओं में मोहल्ला देशनर निवासी दस हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर रोहित किसान और उसके साथी सोनू कालिया का नाम प्रकाश में आया था। इनकी धरपकड़ के प्रयास पुलिस कर रही थी। सोमवार सुबह कोतवाल बृजकिशोर मिश्र, सर्विलांस प्रभारी नरेश कश्यप और स्वाट टीम प्रभारी नरेंद्र यादव ने सूचना पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। उनके पास से दो 315 बोर के तमंचे और दो कारतूस भी बरामद हुए। दोनों को पकड़कर कोतवाली लाया गया। पूछताछ के बाद आरोपियों ने शहर की पांच घटनाओं में संलिप्तता को कबूल किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई एक सोने की चेन, तीन अंगूठी, चार चांदी के सिक्के, दो जोड़ी पायल बरामद की है। दोनों को चालान कर दिया गया।
इन घटनाओं का हुआ खुलासा
पकड़े गए आरोपियों से पांच नवंबर 2018 को आवास विकास कॉलोनी निवासी अभिनव सिंह, आठ नवंबर 2018 को आवास विकास निवासी तरन्नुम जहां पत्नी सरताज अली, 18 नवंबर 2018 को गोपाल शर्मा, छह मार्च 2019 को निरंजनकुंज कॉलोनी निवासी सुनील कुमार और 23 मार्च को तिरुपति गोल्डन पार्क में राजेश शर्मा के घर हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
डकैती गैंग का लीडर है रोहित किसान
चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दो आरोपियों को जेल भेजा गया है। पकड़ा गया शातिर रोहित किसान डकैती गैंग का लीडर है। उस पर करीब दो दर्जन मुकदमे हैं। साथ ही उस पर दस हजार का इनाम भी है। ये बड़ी कामयाबी है। टीम को प्रशस्ति पत्र और पांच हजार नकद इनाम दिया जाएगा। - मनोज कुमार सोनकर, एसपी