बीसलपुर। नगर के एक बरातघर में शुक्रवार को वैवाहिक समारोह में रात लगभग 12 बजे डीजे पर डांस करने के विवाद पर जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। मारपीट से वहां हड़कंप मच गया। बाद में पुलिस ने मामला रफा दफा कराया।
कोतवाल जेपी सिंह ने बताया कि नगर के रामलीला रोड स्थित एक बरातघर में शुक्रवार रात शादी के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। कहासुनी के बाद उनमें मारपीट होने लगी। मारपीट में दिल्ली के सानिया विहार इलाके के सतीश सक्सेना, उत्तराखंड के जिला ऊधम सिंह नगर के कस्बा खटीमा निवासी रिकूं, नगर के मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी टिंकू, अमित, शिवम, सुनील, योगेश, संजीव, रामेश्वरदयाल और मोहल्ला रामनगर निवासी रोहित सक्सेना घायल हो गए। मारपीट से वैवाहिक समारोह में हड़कंप मच गया। विवाह की रस्में भी रुक गईं। सूचना पर इंस्पेक्टर जेपी सिंह फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरहम पट्टी कराई और उन्हें कोतवाली में बिठा लिया। कोतवाली में करीब डेढ़ घंटे तक बैठने के बाद दोनों पक्षों ने आपस में लिखित समझौता कर लिया, तभी पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। इसके बाद शादी की रस्में पूरी हुईं।