- सूचना मिलने पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने बचाया
- जहानाबाद के रंपुरा मिश्र गांव में वारदात से मचा हड़कंप
जहानाबाद/पीलीभीत। कोहरा होने के कारण रविवार शाम आठ बजे को घर चलने से मना करने पर पहले दंपति आपस में झगड़ गए। इसके बाद रात साढ़े दस बजे पति ने कमरे में खुद को बंद कर साड़ी से फंदा लगाने की कोशिश की। ससुरालवालों से सूचना मिलने पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने युवक को बाहर निकालकर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। घटना को लेकर रंपुरा मिश्र गांव में हड़कंप मचा रहा।
पुलिस के अनुसार सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गौटिया गांव निवासी विजयपाल (28) की शादी एक साल पहले जहानाबाद के रंपुरा मिश्र गांव निवासी अस्वंती देवी से हुई थी। पिछले सात दिनों से वह रंपुरा मिश्र गांव अपनी ससुराल में रुका हुआ था। रविवार शाम आठ बजे उसने पत्नी से घर चलने के लिए कहा। इस पर पत्नी और ससुरालवालों ने कोहरा अधिक होने के कारण सोमवार सुबह निकलने की बात कह दी। इसी बात को लेकर दंपति के बीच कहासुनी हो गई। विजयपाल नाराज होकर घर से कहीं चला गया और एक घंटे बाद वापस लौटकर आ गया। रात करीब साढ़े दस बजे उसने खुद को ससुराल में एक कमरे में बंद कर लिया। साड़ी से फंदा बनाकर खुदकुशी करने की कोशिश करने लगा। जिसके बाद परिवार में चीख पुकार मच गई। तहेरे साले राकेश ने इसकी सूूचना पुलिस को दी, जिस पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची और बमुश्किल युवक को बाहर निकाला जा सका। उसको पकड़कर पुलिस थाने ले आई। एसएचओ किरनपाल सिंह ने बताया कि परिवार वाले कोई कार्रवाई नहीं कराना चाहते थे। इस पर युवक को उसकी सास राजकुमारी के सुपुर्द कर दिया गया है। ससुरालवालों बताया कि दीपावली के समय भी इसी तरह युवक ने ससुराल आकर हंगामा किया था।