माधोटांडा/पीलीभीत।खुद के साथ हुई मारपीट से आहत होकर माधोटांडा क्षेत्र के दयालपुर गांव निवासी शिवकुमार ने रविवार देर रात जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर परिवार वालों ने उसे पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार को तहेरे भाई की ओर से मिली तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में दयालपुर गांव निवासी विजय कुमार ने बताया कि रविवार देर शाम आठ बजे उसका चचेरा भाई शिवकुमार गांव में ही किसी काम से घर से बाहर गया था। इस बीच रास्ते में एक आवारा कुत्ता उस पर भौंकने लगा। कुत्ते को भागने के लिए शिवकुमार कुत्ते पर चिल्लाया। इतने में ही वहां मौजूद गांव निवासी मिढ़ईलाल, डालचंद और ताराचंद ने शिवकुमार को गाली देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद शिवकुमार घर आ गया और खुद के साथ हुई मारपीट से आहत होकर उसने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। देर रात हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे इलाज के लिए पीलीभीत के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जहर की पुष्टि की। युवक की हालत में सुधार होने पर पीड़ित के तहेरे भाई ने मंगलवार सुबह मामले की तहरीर माधोटांडा पुलिस को दी। एसएचओ इंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी मिढ़ईलाल, डालचंद और ताराचंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।