पूरनपुर। हरदोई ब्रांच नहर में तीन किशोरों के डूबने की झूठी सूचना ने पुलिस को खूब छकाया। टीम के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक को जांच में सूचना फर्जी मिली तो वह लौट आए।
दियोरिया जंगल के समीप हरदोई ब्रांच नहर के टूटा पुल के समीप छह अप्रैल को बीसलपुर से पिकनिक मनाने आए दो किशोरों नहर में डूबकर मौत हो गई थी। दोनों किशोरों के शव अगले दिन एसएसबी की टीम ने बमुश्किल खोज निकाले थे। बुधवार को फिर किसी ने हरदोई ब्रांच नहर में तीन किशोरों के डूबने की सूचना पुलिस को दे दी। तीन किशोरों के डूबने की सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नहर पटरी पर बताए गए स्थान को दोनों ओर एक-एक किलोमीटर घूमकर पुलिस ने जांच की। केशव कुमार तिवारी ने बताया कि जांच में सूचना झूठी पाई गई। नहर किनारे मिले कई लोगों से घटना की जानकारी की गई, लेकिन किसी ने ऐसी घटना न होने की बात की।