पीएनबी शाखा प्रबंधक समेत दो पर रिपोर्ट दर्ज
कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। खाते से अधिक रुपये निकलने को लेकर जानकारी करने पहुंची युवती को सही जानकारी न देने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के आरोप में गीता मंदिर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक समेत दो के खिलाफ बुधवार रात कानूनी कार्रवाई की गई है। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ एससीएसटी एकट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
ठेका चौकी के सामने स्थित अनुसूचित जाति छात्रावास की रहने वाली पूनम पुत्री रामलाल ने तहरीर में बताया कि उसका खाता गीता मंदिर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में है। 30 अक्तूबर 2017 को उसने बैंक जाकर अपने खाते से पांच सौ रुपये निकाले। एक नवंबर को बैंक पहुंचने पर उसको पता लगा कि खाते से पांच सौ के बजाए 1500 रुपये निकले हैं। इसकी जानकारी करने पर बैंक प्रबंधक ने कोई सटीक जवाब नहीं दिया। क्लर्क सुरेश ने भी अभद्रता की। आरोप है कि उसको जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। दोनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए युवती ने कार्रवाई के लिए न्यायालय की शरण ली। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर शाखा प्रबंधक व क्लर्क के खिलाफ एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।