पूरनपुर। घर से टहलने जाने की बात कहकर निकले और फिर लापता हुए अधेड़ किसान का शव चौथे दिन शुक्रवार को हरदोई ब्रांच नहर में डूडा कॉलोनी के पास मिला। इसकी खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
गांव दिलीपपुर इटौरिया निवासी 43 वर्षीय किसान जीवन सिंह मंगलवार शाम को घर से टहलने जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं लग सका था। बुधवार को गांव अभयपुर माधौपुर के पास हरदोई ब्रांच नहर पटरी पर जीवन सिंह के जूते मिले थे। इस पर परिवार वालों ने जीवन लाल की तलाश नहर में शुरु कर दी थी। बुधवार देररात कोतवाली पहुंचकर जीवन सिंह के पुत्र रजविंदर सिंह ने अपने पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार को गांव डूडा के समीप हरदोई नहर में जीवन सिंह का शव उतराता मिल गया। सूचना पर तमाम लोग एकत्र हुए। कोतवाल केशव कुमार तिवारी भी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। परिजन किसी तरह की आशंका नहीं जता रहे हैं।