पूरनपुर (पीलीभीत)। पुलवामा आतंकी हमले के बाद फेसबुक पर देश विरोधी टिप्पणी करने के मामले में जेल भेजे गए वली हसन के पक्ष में आए उलमा के प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को कोतवाली प्रभारी केके तिवारी से मुलाकात की। करीब पौन घंटे चली वार्ता के बाद भी कोई निर्णय नहीं निकल सका। अंत तक ठोस आश्वासन न मिलने पर उलमा ने शुक्रवार से आंदोलन करने का निर्णय लिया है। फेसबुक पर पाकिस्तान के पक्ष में और भारत विरोधी जुमला पोस्ट करने के बाद कोतवाली पुलिस ने खुटार (शाहजहांपुर) के वली हसन के खिलाफ देशद्रोह की रिपोर्ट दर्ज की थी। वली हसन समेत तीन के खिलाफ उसी पोस्ट को लेकर शाहजहांपुर के खुटार थाने में भी मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें खुटार पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल भेजे गए वली हसन के पक्ष में कुछ उलमा आ गए थे। सोमवार को उन्होंने मुुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को दिया गया था। उनका आरोप था कि वली हसन पर हुई कार्रवाई गलत है। इसकी साइबर सेल और सीबीसीआईडी से जांच जाना चाहिए थी। यही नहीं जांच पूरी होने तक जेल भेज गए तीनों आरोपियों को रिहा करने की मांग की थी। बुधवार को उलमा के प्रतिनिधि मंडल को वार्ता के लिए पूरनपुर कोतवाली बुलाया गया। इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी ने जेल भेजने की कार्रवाई खुटार थाने से होने की बात कहते हुए वहीं की पुलिस से संपर्क साधने का सुझाव दिया, लेकिन उलमा इससे संतुष्ट नहीं हुए। करीब पौन घंटे चली वार्ता में कोई निर्णय नहीं निकल सका।
सुन्नी उलमा कौंसिल के राष्ट्रीय महासचिव हाफिज नूर अहमद रजा अजहरी ने बताया कि पूरनपुर कोतवाली में वार्ता में कोई निर्णय नहीं निकल सका। इसके बाद शाम को उलमा ने बैठक कर अग्रिम रणनीति बनाई है। इसमें ठोस आश्वासन न मिलने पर शुक्रवार को नमाज के बाद नगर में जुलूस निकालकर साबरी अहाता में धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। कोतवाली में बातचीत करने पहुंचे प्रतिनिधि मंडल में हाफिज नूर अहमद रजा अजहरी के अलावा गुलजारी फरीद मस्जिद के इमाम हाफिज जकी खां, सिद्दीके अकबर मस्जिद के इमाम मौलाना जावेद, हाफिज असलम नूरी, हाफिज फईम, मदरसा हलकिया दारूल किरात के प्रबंधक कारी हसन शामिल रहे।
हमारे यहां से वली हसन को जेल भेजने की कार्रवाई नहीं की गई है। उसको शाहजहांपुर के खुटार थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर झेला भेजा है। हमारे यहां पूरनपुर में एक रिपोर्ट वली हसन के खिलाफ दर्ज की गई थी। इसकी अभी जांच कराई जा रही है। इसमें आईडी भी चेक हो रही है। - मनोज कुमार सोनकर, एसपी