सिर में लगी चोट बनी चंदन की मौत की वजह
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर हुई स्थिति स्पष्ट
पत्नी ने दी तहरीर, तीन पर हत्या और एससीएसटी एक्ट की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
बरखेड़ा (पीलीभीत)। करनापुर गांव के निवासी 35 वर्षीय चंदनलाल की मौत सिर में लगी चोट की वजह से हुई थी। चोट लगने के बाद खून का थक्का जमने से उसकी मौत होने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। जिसके बाद अब बरखेड़ा पुलिस ने शुक्रवार को पत्नी यशोदा देवी से मिली तहरीर पर हत्या और एससीएसटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के करनापुर गांव निवासी चंदनलाल लखनऊ के एक पार्क में मेठ के पद पर कार्यरत थे। वह पंद्रह दिन की छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे। इस बीच बुधवार शाम उसकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। गांव में उसका शव पड़ा मिलने पर पत्नी यशोदा ने हत्या की आशंका जताई थी। जिसके बाद बृहस्पतिवार को बरखेड़ा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया। जिसके बाद अब रिपोर्ट मिलने पर मौत की वजह स्पष्ट हो सकी है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद पत्नी ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। इसमें एटीएम और दस हजार रुपये गायब होने की बात भी कही गई है। हालांकि कोई रंजिश का जिक्र तहरीर में नहीं किया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में चंदनलाल की मौत सिर में चोट लगने से खून का थक्का जमने से बताई गई है। चोट किसी चीज के वार से लगी, या फिर गिरने से। इसको लेकर अभी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता, जिसके चलते जांच कराई जा रही है। पत्नी से मिली तहरीर पर चंद्रपाल, कल्लू और मंगली के खिलाफ हत्या और एससीएसटी की रिपोर्ट दर्ज की है। दो को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है।