पीलीभीत। दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यापारी से मारपीट कर बाइक लूटने वाले तीन में से दो बदमाशों को पकड़ने में पुलिस को कामयाबी मिली है। जिनके पास से नकदी और असलहा बरामद हुए हैं। हालांकि तीसरा साथी और लूटी गई बाइक बरामद नहीं हो सकी है। पुलिस को जानकारी मिली है कि लूटी गई बाइक नेपाल में बेच दी गई है।
अमरिया थाना क्षेत्र के तिरकुनिया नसीर गांव निवासी अमजद 15 सितंबर की रात दुकान बंद कर जोशी कॉलोनी से घर जा रहे थे। दियूनी डैम के पास पहुंचते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनको रोका। मारपीट कर बाइक और कुछ रुपये लूट लिए थे। इसका मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सुराग जुटाए। एएसपी रोहित मिश्रा के निर्देशन में सर्विलांस टीम की मदद से अमरिया पुलिस ने सुरागकशी तेज कर दी। इसके बाद पुलिस उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के नानकमत्ता क्षेत्र के ग्राम सिलभत्ता निवासी बिट्ठन पाल, महेंद्र और उसके एक अन्य साथी का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने टीम बनाकर धरपकड़ के प्रयास किए। इसके बाद शुक्रवार देर शाम सफलता मिली। सूचना पर स्वाट टीम प्रभारी इंद्रजीत सिंह भदौरिया, एसओ अमरिया माधो सिंह विष्ट, सर्विलांस प्रभारी रेहान खां, एसआई बलवीर सिंह, कांस्टेबल कपिल सिंह, अमित कुमार, देवव्रत सिंह ने दबिश देकर ग्राम भूड़ा के पास एक बंद पेट्रोल पंप से दो आरोपी महेंद्र और बिट्ठन को धर दबोचा। इनके पास से 12 बोर का तमंचा, दो कारतूस और 2460 रुपये बरामद हुए।
एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि घटना के बाद आरोपी अपनी बाइक को एक खेत में छोड़ गए थे, जिसको पुलिस ने लावारिस हालत में बरामद किया था। इसके बाद उनका फरार साथी लूटी गई बाइक को बेचने के लिए नेपाल गया है। आरोपी उत्तराखंड से शराब की तस्करी के लिए बाइक लूट किया करते हैं। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।