बीसलपुर। जमीन के पुराने विवाद में मजदूर पर जानलेवा हमला किया गया। शाहजहांपुर बस अड्डे की तरफ टहलते वक्त उसको रास्ते में दूसरे पक्ष ने घेर लिया और तमंचे से फायर कर दिया। गोली मजदूर के बाएं हाथ में लगी। घायल को सीएचसी में इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। हालांकि मामला संदिग्ध मानते हुए अभी जांच की जा रही है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ग्यासपुर के निवासी 45 वर्षीय इरशाद अहमद ने बताया कि उनका जमीन का विवाद मोहल्ले के ही एक युवक से चल रहा है। आरोपी उनकी 10 फिट चौड़ी और 135 फिट लंबी जगह पर कब्जा करना चाहता है। इसको लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुके हैं। सोमवार रात आठ बजे वह टहलने के लिए घर से निकले। शाहजहांपुर बस अड्डे की तरफ जा रहे थे कि रास्ते में आरोपी ने अपने तीन साथियों संग मिलकर उनको रोक लिया। गाली गलौज कर मारपीट की गई। इस दौरान तमंचे से फायर कर दिया। इसमें बाएं हाथ में गोली लगी। गोली की आवाज सुनकर जब लोग जमा हुए तो आरोपी भाग गए। घायल को आननफानन में सीएचसी बीसलपुर लाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। कोतवाल जेपी सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है। वहीं जिस युवक पर आरोप लगाया गया है, उसकी घायल के एक रिश्तेदार से भी रंजिश चल रही है। ऐसे में मामला संदिग्ध भी प्रतीत हो रहा है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद गोली लगने को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है।