खेकड़ा (बागपत)। ग्राम रटौल में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में पति-पत्नी घायल हो गए। घायलों ने खेकड़ा थाने पर पहुंचकर हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिये तहरीर दी।
ग्राम रटौल निवासी अफसर का उसके परिवार के लोगों के साथ कुछ दिनों से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा है। दोनो पक्षों के लोग जमीन पर अपना-अपना दावा करते हैं। शनिवार सुबह दस बजे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई और जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में एक पक्ष का अफसर व उसकी पत्नी परवीन घायल हो गए। मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया। इसके बाद घायल दंपति ने खेकड़ा थाने पर पहुंचकर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने दंपति का सीएचसी पर उपचार कराया।