खेकड़ा (बागपत)।
रेलवे रोड पर बाइक नहीं देने पर कुछ लोगों ने एक दुकानदार एवं उसके बेटे को हमलाकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों में से एक को हिरासत में ले लिया।
नगर में रेलवे रोड पर सोनू पुत्र आजाद की जूस एवं फल की दुकान है। रविवार की सुबह करीब दस बजे दुकानदार सोनू के पास पास में ही रहने वाले तीन युवक पहुंचे। उन्होंने उससे बाइक मांगी। दुकानदार के बाइक देने से मना करने पर तीनों युवकों ने दुकानदार सोनू को मारपीट कर घायल कर दिया। पुत्र के साथ मारपीट होती देखकर उसका पिता आजाद बीच बचाव कराने लगा तो हमलावरों ने उसे घायल कर दिया। मारपीट के चलते मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। आसपास के दुकानदारों ने हस्तक्षेप कर हमलावरों से दोनों दुकानदारों को बचाया। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। इसके बाद घायल सोनू ने खेकड़ा थाने में हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने घायल का सीएचसी में उपचार कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। देर रात कुछ लोग दोनों पक्षों में समझौता कराने के प्रयास में जुटे रहे।