बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिसैइया जलालपुर में एक महिला शिक्षामित्र की आग से जलकर मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि बुधवार देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। थाना न्यूरिया क्षेत्र के गांव गिधौर निवासी पोथीराम राठौर ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री अनीता का विवाह 12 साल पहले बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिसैइया जलालपुर निवासी तेजपाल के साथ किया था। शादी के कुछ दिन बाद ही तेजपाल के परिवार वाले दहेज में दो लाख रुपये, फ्रिज और वाशिंग मशीन की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर अनीता को प्रताड़ित किया जाने लगा। इस बीच दोनों पक्षों में कई बार समझौते के प्रयास हुए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। आरोप है कि ससुराल वालों ने 18 जनवरी को शाम 4:30 बजे अनीता पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी, जिसमें वह गंभीर रूप से झुलस गई। अनीता को बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 29 जनवरी की रात उसकी मौत हो गई। बरेली पुलिस ने पोस्मार्टम कराने के बाद शव घर वालों को सौंप दिया। अनीता शिक्षा मित्र थी। मृतका के पिता पोथीराम ने बुधवार को कोतवाली में मामले की तहरीर दी है, इसमें चार लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। अतिरिक्त कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि बरेली से पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।