पीलीभीत। पुलिस बंदोबस्त को धता बताते हुए चोरों ने एक बार फिर शहर में दस्तक देकर डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर सरकारी दफ्तर और बंद मकान में वारदात को अंजाम दिया। ताले तोड़कर भीतर घुसे चोर सामान समेट ले गए। कोतवाली पुलिस ने सूचना पर मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पहली वारदात टनकपुर हाईवे पर टीवी टावर के पास स्थित जिला ग्राम्य विकास संस्थान कार्यालय में हुई। मेनगेट पर लगा ताला तोड़कर रविवार रात चोर भीतर घुस गए। इसके बाद कमरों को खंगाल डाला। यहां से चोर टीएफटी, इनवर्टर, बैटरी, पंखा, एम्प्लीफायर, एलसीडी, प्रोजेक्टर समेत काफी सामान समेट ले गए। दूसरे दिन सोमवार सुबह कार्यालय पहुंचने पर कर्मचारियों को घटना का पता लगा तो शोर मच गया। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। कार्यालय सहायक राजेंद्र पाल सिंह से मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इधर, कुछ ही दूरी पर निरंजनकुंज कॉलोनी में भी बंद मकान को निशाने पर लिया गया। कॉलोनी के निवासी राजकुमार रस्तोगी मकान को ताला लगाकर कई दिनों से परिवार समेत रिश्तेदारी में उड़ीसा गए हुए हैं। मकान पर लगे ताले तोड़कर घुसे चोर यहां से भी सामान समेट ले गए। पड़ोसी प्रमोद पंत ने सामान बिखरा और टूटे ताले देख पुलिस को सूचना दी। हालांकि मकान स्वामी के बाहर होने के कारण अभी चोरी गए सामान की जानकारी नहीं हो सकी है। इंस्पेक्टर केपी सिंह ने बताया कि ग्राम्य विकास संस्थान के कार्यालय सहायक और दूसरे मामले में पड़ोसी से मिली तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। छानबीन कराई जा रही है। कुछ संदिग्ध भी प्रकाश में आए हैं, उनकी धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है।