पांच ट्रैक्टर, दो कार और एक स्कूटी बरामद, सरगना समेत तीन फरार
एसपी ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर किया खुलासा
पीलीभीत। बीसलपुर सर्किल क्षेत्र में तीस नवंबर को 24 घंटे के भीतर ट्रैक्टर और कार लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों की धरपकड़ में जुटी पुलिस ने शनिवार को भड़रिया मोड़ के पास से अंतर्राज्यीय गैंग के नौ बदमाशों को धर दबोचा। इनके पास से बीसलपुर सर्किल से लूटे गए दोनों वाहनों समेत राजस्थान, दिल्ली, शाहजहांपुर, कासगंज से लूटे गए आठ वाहनों को बरामद किया गया है। दोपहर तीन बजे एसपी कलानिधि नैथानी ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर पुलिस के गुडवर्क का खुलासा किया।
तीस नवंबर की सुबह पौने छह बजे कार सवार बदमाशों ने बिलसंडा क्षेत्र में सुहेला भट्टे के पास लखीमपुर से शाहजहांपुर जा रहे लखीमपुर खीरी के मोहल्ला बहादुरनगर निवासी अजय सक्सेना को बंधक बनाकर कार लूट ली थी। इस घटना का मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रही थी कि उसी रात बदमाशों ने बीसलपुर क्षेत्र में रसूला सेंटर से गन्ना लेकर आ रहे दियोरियाकलां कोतवाली के ग्राम बेनीपुर निवासी निर्देश कुमार से बरेली रोड पर मंडरा मोड़ के पास बंधक बनाकर ट्रैक्टर लूट लिया था। दोनों घटनाओं का मुकदमा दर्ज कर थाना पुलिस के साथ ही एसपी ने स्वाट-सर्विलांस टीम को भी खुलासे में लगाया। इस दौरान पुलिस ने काफी सुराग जुटाए और बदायूं के बनकोटा वजीरगंज निवासी अनूप सिंह के गैंग का होना पाया। पुलिस सर्विलांस की मदद से लोकेशन तलाश रही थी कि शनिवार सुबह पुलिस को उक्त गैंग के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में भड़रिया मोड़ के पास होने का पता लगा। इसके बाद संयुक्त टीम बनाकर पुलिस ने दबिश दी और गिरोह के आठ सदस्य उझानी (बदायूं) के ग्राम किलाखेड़ा निवासी राजीव वर्मा, गद्दीटोला के मोहर सिंह, सहसवान (बदायूं) के ग्राम चंदनपुर निवासी उमेश यादव, उघैती (बदायूं) के ग्राम कामसा मढ़ैया निवासी हंसपाल, सिंधौली (शाहजहांपुर) के ग्राम भितिया भक्तयारपुर निवासी कैप्टन सिंह, बिलसंडा (पीलीभीत) के ग्राम रामपुर वसंत निवासी राम सिंह, रमाकांत, पूरनपुर कोतवाली के ग्राम शेरपुर कलां निवासी यूनुस मिस्त्री, गुन्नौर संभल के ग्राम काशीपुर निवासी हरिओम को धर दबोचा। इनके पास से दो 315 बोर तमंचे, चार कारतूस, छह चाकू मिले, जबकि सरगना बनकोटा वजीरगंज (बदायूं) निवासी अनूप सिंह, उझानी (बदायूं) निवासी मुकेश सक्सेना और सुनगढ़ी (कासगंज) के रीखुली गांव निवासी भूरा फरार हो गए। आरोपियों को पकड़कर पुलिस कोतवाली लाई। आरोपियों की निशानदेई पर पुलिस ने बीसलपुर, शाहजहांपुर से लूटे और कासगंज, राजस्थान से चोरी किए गए पांच ट्रैक्टर, बिलसंडा, दिल्ली के पहाड़गंज से चोरी दो कार व दिल्ली से चोरी एक स्कूटी को अलग-अलग स्थानों से बरामद किया। दोपहर तीन बजे पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर एसपी कलानिधि नैथानी ने आरोपियों व बरामद वाहनों को मीडिया के सामने पेश कर टीम के गुडवर्क की सराहना की।
इस तरह करते थे लूटपाट
पुलिस के मुताबिक गिरफ्त से दूर बदायूं का अमर सिंह गिरोह का सरगना है। इसके अलावा पकड़े गए यूनुस मिस्त्री व मोहर सिंह लूट-चोरी के वाहनों का सौदा कराने के लिए खरीदार तलाशते थे। दो ग्रुपों में बंटने के बाद आरोपी पहले लग्जरी कार से रेकी करते थे, इसके बाद असलहों के बल पर वारदात को अंजाम दिया जाता था। दिल्ली-राजस्थान से चोरी वाहनों को यूपी में तो यहां के वाहनों को दूसरे राज्य में बेचा जाता था।
अब खरीदारों तक पहुंचने की तैयारी
लूट और चोरी के वाहनों को खरीदने वालों को लेकर भी पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों से जानकारी जुटाई है। इसमें कुछ लोगों के नाम भी प्रकाश में आए हैं। उनके साथ बरामद वाहनों की डीलिंग लगभग तय हो चुकी थी। उनके खिलाफ साक्ष्य एकत्र कर कार्रवाई में शामिल किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए टीम का नाम डीजीपी को भेजा
बदमाशों की धरपकड़ करने वाली टीम में कोतवाल मनोज त्यागी, एसओ बिलसंडा सीपी शुक्ला, साइबर सेल प्रभारी संदीप तोमर, सर्विलांस प्रभारी रेहान खां, स्वाट टीम प्रभारी इंद्रजीत सिंह भदौरिया, एसएसआई एसके उपाध्याय, एसआई वेदपाल सिंह, विशेष कुमार, कांस्टेबल मनोज मेहर, अनुज कुमार, अमरीश गौतम, देवेंद्र कुमार, कृष्णपाल सिंह, पुष्पेंद्र, राजेंद्र, हरीश शर्मा, दीपचंद, अरूणेश शामिल हैं। इनको एसपी की ओर से दस हजार का इनाम देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा कई बड़े खुलासों को लेकर टीम के सदस्यों का नाम सराहनीय सेवा पुरस्कार के लिए डीजीपी को भेजा गया है।
बदमाशों पर लगेगा गैंगस्टर: एसपी
पकड़े गए बदमाश कई राज्यों में सक्रिय थे। उनकी धरपकड़ पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है। फरार सरगना की गिरफ्तारी भी जल्द कराई जाएगी। बदमाशों पर गैंगस्टर की कार्रवाई होगी।
कलानिधि नैथानी, एसपी