पीलीभीत। पिछले 15 दिनों से एक शोहदा कक्षा 12 की छात्रा को कोचिंग जाते समय परेशान कर रहा था। उससे छेड़खानी करता था। शनिवार शाम को शोहदे ने छात्रा को रास्ते में रोक लिया और परेशान करने लगा। छात्रा ने घर जाकर परिजन को बताया, इसके बाद कोतवाली पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले छात्रा के पिता ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री कक्षा 12 की छात्रा है। कॉलेज के बाद वह रोजाना कोचिंग जाती है। पिछले 15 दिनों से एक युवक उसकी पुत्री का पीछा कर परेशान कर रहा था। कई बार समझाने के बाद भी युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। शनिवार शाम साढ़े छह बजे कोचिंग जाते समय आरोपी ने पुत्री का पीछा कर फिर उसके साथ छेड़खानी की। घटना के बारे में पुत्री ने घर आकर जानकारी दी। छात्रा के पिता ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी अशोक कुमार के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
-----------
युवती को जबरन ले गया
युवक, चार पर रिपोर्ट
पीलीभीत। भतीजे को सुबह चार बजे शौच कराने गई युवती को गांव का ही एक युवक जबरन ले गया। जब मां युवक के घर जानकारी करने गई तो उसके परिवार वाले गाली हमलावर हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि शुक्रवार सुबह चार बजे उसकी पुत्री अपने बहन के पुत्र को शौच कराने गांव के बाहर गई थी। वहां पहले से घात लगाए बैठा युवक अपने परिवार वालों के सहयोग से पुत्री को ले गया। भतीजा घर अकेले लौटा और उसने घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद युवक के घर जानकारी करने गए तो उसके परिवार वालों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दिया। विरोध करने पर हमलावर हो गए। दोबारा दखल देने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर राज कुमार, मूलचंद, शंकर लाल और मायावती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवती की तलाश की तलाश की जा रही है। संवाद