पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव शाही में संपत्ति विवाद में एक किशोर की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने उसका शव गुरुवार को खमरिया पुल के पास एक खेत से बरामद किया। मां बसंती देवी ने ताऊ, उसके लड़के समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने रात में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव शाही निवासी गौरी शंकर ने बताया कि उनके छोटे भाई राम बहादुर की मौत हो चुकी है। राम बहादुर के बेटे अभिषेक की खमरिया पुल के पास बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। बुधवार को अभिषेक अपने छोटे भाई के साथ दुकान पर गया। शाम करीब पांच बजे एक व्यक्ति उसे बाइक की मरम्मत कराने के लिए बुलाकर ले गया था। इसके बाद वह नहीं लौटा। पूरी रात अभिषेक की तलाश की मगर पता नहीं चला।
सुबह कुछ लोगों ने खमरिया पुल से करीब एक किलोमीटर दूर बरखन रोड पर गन्ने के खेत में उसका शव देखा। पुलिस परिजनों के साथ पहुंची और शव को बरामद किया। अभिषेक के शरीर पर चोटों के निशान थे। गर्दन भी कटी हुई थी। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
अभिषेक के कंधों पर ही थी परिवार की जिम्मेदारी
सिर से पिता का साया उठने के बाद गांव शाही निवासी अभिषेक रस्तोगी ने खेलने-कूदने की उम्र में ही परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उठा ली। पढ़ाई के साथ वह बाइक मरम्मत की दुकान भी चलाने लगा। यही मात्र उसकी कमाई का जरिया था। उसे सपने में भी गुमान नहीं था उसका अपना रिश्तेदार ही उसकी हत्या कर देगा। गांव शाही निवासी रामबहादुर रस्तोगी, पत्नी बसंती देवी, पुत्र अभिषेक, आशीष और अंशु के साथ रहते थे। परिवार का पालन पोषण करने के लिए राम बहादुर ने गांव से एक किलोमीटर दूर खमरिया पुल के पास एक खोखे में बाइक रिपेयरिंग की दुकान शुरू की। राम बहादुर की कमाई का मुख्य जरिया दुकान ही थी। पिता के साथ उनका बड़ा बेटा अभिषेक भी हाथ बंटाता था। मगर दो साल पहले गंभीर बीमारी से राम बहादुर की मौत हो गई।
पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी 15 साल की उम्र में ही अभिषेक पर आ गई। वह पढ़ाई के साथ दुकान भी चलाने लगा। छह माह पहले किसी बात को लेकर उसके तहेरे भाई और ताऊ में विवाद हो गया। जो बाद में शांत हो गया। बुधवार को सुबह अभिषेक अपने छोटे भाई आशीष के साथ आया था। इसके बाद पांच बजे अभिषेक को एक युवक बाइक की मरम्मत कराने के लिए बुलाकर ले गया था। इसके बाद अभिषेक नहीं लौटा। जब देर शाम तक वह नहीं आया, तो उसके छोटे भाई आशीष ने परिवार वालों को जानकारी दी। बाद में अभिषेक का शव मिलने पर परिवार वाले सकते में रह गए। अब अभिषेक की मां ने पुरानी रंजिश में उसकी हत्या का ताऊ समेत तीन लोगों पर आरोप लगाया है। तहरीर दी है, पुलिस जांच कर रही है।
दुकान को लेकर परिवार विवाद चल रहा था। अभिषेक की मां ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। परिवार के एक सदस्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
- दिनेश कुमार पी, एसपी