पीलीभीत के पूरनपुर इलाके में भाई से चल रहे जमीन के विवाद का समाधान न होने पर युवक डीजल लेकर तहसील परिसर में बनी टंकी पर चढ़ गया। चिल्लाने लगा कि आत्महत्या कर लूंगा। एक किसान ने तहसील कर्मियों की मदद से उसेे बमुश्किल नीचे उतारा। युवक को पुलिस को सौंप दिया गया। बाद में पत्नी के कहने पर युवक को उसके सुपुर्द कर दिया गया।
गांव जटपुरा के एक युवक का जमीन बंटवारे को लेकर अपने भाई से विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को युवक ने तहसीलदार से मिलकर समस्या का समाधान कराने की मांग की। युवक का आरोप है कि तहसीलदार ने उसकी समस्या को नहीं सुना और भगा दिया। कुछ देर बाद डीजल साथ लेकर युवक तहसील परिसर की टंकी पर चढ़ने लगा। युवक के आत्महत्या की चेतावनी देकर चढ़ने पर किसान कुलवंत सिंह ने तहसील कर्मियों के साथ टंकी पर चढ़कर उसे नीचे उतारा।
तहसीलदार ने युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। तहसीलदार ध्रुव नरायन यादव ने बताया कि युवक का अपने सगे भाई से जमीनी विवाद है। इसको लेकर वह पहले भी टंकी पर चढ़ चुका है। टंकी से उतरवाकर उसे पुलिस को सौंप दिया गया। इस पर वहां पहुंची युवक की पत्नी ने बताया कि उसकी हरकतों से परिजन परेशान है। बाद में युवक को उसकी पत्नी के सुपुर्द कर दिया गया।