बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली के एक गांव की एक विवाहिता ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अपनी पुत्री से दुष्कर्म करने वाले आरोपी की गिरफ्तार न होने पर 12 अक्तूबर से सीओ कार्यालय परिसर में सपरिवार अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है।
पत्र में कहा गया है कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री से गांव के ही एक दबंग ने दो अगस्त को दुष्कर्म किया था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट तो दर्ज की, लेकिन उसकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी। रिपोर्ट में पॉक्सो एक्ट भी नहीं लगाया। इस बीच वह थाने और पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क साध चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोपी खुलेआम घूम रहा है। पत्र में कहा गया है कि अगर 11 अक्तूबर तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं हुई तो वह 12 अक्तूबर से पूरे परिवार के साथ सीओ कार्यालय परिसर में अनिश्चित कालीन अनशन शुरू कर देगी।
दियोरिया थाने के प्रभारी निरीक्षक रामसेवक ने बताया कि अनशन की चेतावनी देने वाली महिला के पुत्र ने कुछ माह पूर्व गांव की एक युवती से दुष्कर्म किया था। इस मामले में महिला का पुत्र जेल में है। उसके बाद इस महिला ने अपनी पुत्री से दुष्कर्म का दूसरे पक्ष के किशोर पर फर्जी मामला दर्ज कराया। जांच में मामला झूठा निकला। अब महिला दबाव बनाने के लिए अनशन की बात कह रही है। उच्चाधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है।