बीसलपुर। अपर पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर दियोरिया पुलिस ने एक माह पहले हुई अपहरण की घटना की रिपोर्ट सोमवार को दर्ज कर ली है।
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव जमुनिया महुआ निवासी वीरपाल ने बताया कि 18 जून को गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के तहत मुड़िया तिराहे से उनका और उनके भाई महेंद्रपाल का अपहरण कर लिया था। अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बमुश्किल छूट कर आए दोनों भाइयों ने कोतवाली में अगले दिन मामले की नामजद तहरीर दी थी। मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सीओ और एसपी से गुहार लगाने के बाद भी जब रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई। इसके बाद वीरपाल ने बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक को प्रार्थना पत्र दिया। सीओ प्रशांत सिंह ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर अपहरण की रिपोर्ट सोमवार को दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में जमुनिया महुआ निवासी भीमसेन, उनकी पुत्री सरोजा देवी, डालचंद्र और उमाचरन को नामजद किया गया है।