पीलीभीत। नामांकन कराने जाते वक्त निर्दलीय प्रत्याशी व पूर्व ब्लॉक प्रमुख निशान सिंह उर्फ श्याम सिंह पर किए गए हमले के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पीड़ित पक्ष की ओर तहरीर न दिए जाने पर पुलिस ने अपनी ओर से 20 हमलावरों के खिलाफ निषेधाज्ञा का उल्लंघन और महामारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही भाजपा प्रत्याशी सर्वजीत सिंह और निर्दलीय निशान सिंह की सुरक्षा में पुलिस तैनात कर दी गई है।
अमरिया में बृहस्पतिवार को ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्दलीय प्रत्याशी निशान सिंह उर्फ श्याम सिंह अपने समर्थकों संग नामांकन कराने ब्लॉक कार्यालय जा रहे थे। नामांकन के दौरान वाहनों को रोकने के लिए ब्लॉक से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर बेरीकेडिंग की गई थी। जहां पुलिस की मौजूदगी में नामांकन कराने जा रहे निर्दलीय प्रत्याशी निशान सिंह पर भीड़ ने हमला कर दिया था। उन्हें गाड़ी से नीचे उतारकर पीटा गया था। हमले की सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे तब पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा था। निशान सिंह को अपना नामांकन कराने के लिए दीवार फांदकर जाना पड़ा था।
निर्दलीय प्रत्याशी निशान सिंह का आरोप था कि उन पर जानलेवा हमला भाजपा प्रत्याशी सर्वजीत सिंह के समर्थकों ने किया था। हालांकि भाजपा प्रत्याशी सर्वजीत सिंह ने आरोपों को गलत बताया। खास बात यह कि सारा घटनाक्रम पुलिस की मौजूदगी में हुआ था। इस मामले में दूसरे दिन शुक्रवार को भी पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर अमरिया एसओ उदयवीर सिंह की ओर से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इन पर महामारी अधिनियम और निषेधाज्ञा के उल्लंघन का आरोप है। दोनों प्रत्याशियों के बीच विवाद न हो इसलिए उनकी सुरक्षा में पुलिस बल तैनात कर दी गई है।
इस मामले में 20 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हमलावरों की वीडियो फुटेज की मदद से पहचान कराई जा रही है। कुछ लोगों के बारे में जानकारी मिल गई है। नियमानुसार सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। - सुनील कुमार, सीओ सदर